लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में 14 सितम्बर से 28 सितम्बर 2025 तक राजभाषा पखवाड़ा-2025 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 25 सितम्बर को मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में विशेष समारोह आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक ने कर्मचारियों को बधाई देते हुए हिंदी के प्रयोग को और बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी न केवल हमारी पहचान है बल्कि कार्य संस्कृति को भी सरल और सशक्त बनाती है। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री शूरवीर सिंह चौहान एवं मंडल विद्युत इंजीनियर सह राजभाषा अधिकारी श्री निखिल कुमार तिवारी ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया और हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।

पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए निबंध, लघु निबंध, वाक् एवं सुलेख प्रतियोगिता, समाचार वाचन, प्रश्नोत्तरी और टिप्पण-प्रारूप लेखन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही अयोध्या कैंट, प्रयाग, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, डीजल शेड और मंडल चिकित्सालय सहित विभिन्न इकाइयों एवं स्टेशनों पर भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस आयोजन ने न केवल कर्मचारियों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा दिया, बल्कि कार्यस्थल पर राजभाषा के महत्व को और भी मजबूत किया।
![]()












