सोनभद्र/एबीएन न्यूज। मिशन शक्ति विशेष अभियान-5.0 के अंतर्गत सोनभद्र में महिलाओं और बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बढ़ौली चौराहा और आसपास के मंदिरों व जनमानस के बीच चलाए गए इस अभियान में लोगों को महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108, वुमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन नंबर 112 सहित गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट, बाल शोषण से बचाव, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और घरेलू हिंसा अधिनियम की जानकारी दी गई।
साथ ही कन्या सुमंगला योजना और बाल सेवा योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं का विवरण भी साझा किया गया। कार्यक्रम में अध्यापिकाओं और बालिकाओं ने संवाद स्थापित कर लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नीतू यति, जेंडर स्पेशलिस्ट सीमा द्विवेदी, साधना मिश्रा, थाना प्रभारी श्रीमती सविता सरोज, महिला आरक्षी तथा आसपास के गांवों की महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत ग्राम पंचायतों में आयोजित नारी चौपाल में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। चौपाल में यह संदेश दिया गया कि ग्राम पंचायतों की महिला जनप्रतिनिधि सक्रिय भागीदारी निभाएं और महिलाओं की समस्याओं के समाधान में आगे आएं।
इसी क्रम में शक्तिपीठ ज्वाला मंदिर पर संस्कृति विभाग द्वारा देवी गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभाग के कलाकारों ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से वातावरण को जीवंत कर दिया। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को योजनाओं और कानूनों की जानकारी देना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण को और मजबूत बनाना है।
![]()












