सोनभद्र/एबीएन न्यूज। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जनपद सोनभद्र में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजय गौड़ और जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने मंगलवार को चोपन सोन नदी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने घाट पर चल रही सफाई, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम बद्रीनाथ सिंह ने अधिकारियों से छठ घाट पर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने घाट की सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और बैरिकेडिंग की समीक्षा की तथा समय पर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

समाज कल्याण राज्य मंत्री संजय गौड़ ने कहा कि छठ पूजा बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की आस्था से जुड़ा सबसे बड़ा पर्व है। इसलिए इस पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा है। गौरतलब है कि चोपन सोन नदी घाट पर हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा में शामिल होते हैं। इस वर्ष भी यहां भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है।
![]()












