सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर मुख्यमंत्री के दौरे की संभावना के बीच जिले में तैयारियां पूरे जोरों पर हैं।
ओबरा विधानसभा क्षेत्र के चोपन में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण समाज कल्याण राज्य मंत्री संजय गौड़, जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह, और भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने चोपन रेलवे खेल मैदान और रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज परिसर का दौरा कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम यहीं प्रस्तावित है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री संजय गौड़ ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर मुख्यमंत्री का आगमन जनजातीय समाज के गौरव और प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आदिवासी समाज की पहचान और सम्मान को नए आयाम देगा।

इस मौके पर डीएम बद्रीनाथ सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने हेलीपैड, पार्किंग, मंच निर्माण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग, नगर पंचायत, बिजली, स्वास्थ्य और जनसंपर्क विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि मुख्यमंत्री का दौरा सकुशल, सुव्यवस्थित और यादगार ढंग से संपन्न कराया जाए।
![]()












