लखनऊ/एबीएन न्यूज़। रेलवे डिज़ाइन और मानक संगठन (आरडीएसओ) लखनऊ में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025 के अंतर्गत सतर्कता प्रकोष्ठ द्वारा अधिकारियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता 29 अक्टूबर 2025 को आयोजित हुई, जिसमें लगभग 50 अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य अधिकारियों में रेल नियमों, विनियमों एवं सतर्कता सिद्धांतों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। आरडीएसओ प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से कर्मचारियों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ 27 अक्टूबर 2025 को हुआ था, जो 2 नवंबर 2025 तक चलेगा। इस अवधि में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठियां, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 30 अक्टूबर 2025 को आरडीएसओ परिसर में एक विशेष समारोह के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा।
![]()












