सोनभद्र/एबीएन न्यूज। बाल दिवस के अवसर पर पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पल्हारी, नगवां सोनभद्र में बच्चों द्वारा आयोजित बाल मेले ने पूरे परिसर को उत्साह और रचनात्मकता से भर दिया। मेले में बच्चों ने अपने कौशल और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। गेंद से बोतल पर निशाना, दौड़, मेढ़क दौड़, धागे पर लटकी टॉफी खाना जैसी मनोरंजक गतिविधियों ने सभी को आकर्षित किया। साथ ही कविता और कहानी वाचन, वस्तुओं को क्रमवार सजाना, आकृतियों की पहचान, चित्र जोड़ना, रस्सी पर चलना, चित्रांकन और रंग भरना, मिट्टी से खिलौने बनाना, रंगीन कागज चिपकाना, कला प्रतियोगिता और समूहगान जैसी गतिविधियों ने मेले में खूब रंग जमाया।
कार्यक्रम में बच्चों की उमंग और सहभागिता देखकर शिक्षक व अभिभावक अभिभूत दिखाई दिए। इस अवसर पर डॉ. बृजेश महादेव ने बताया कि पल्हारी विद्यालय में बाल मेले की परंपरा वर्ष 2003-04 में उनके नवाचार से शुरू हुई थी, जो कुछ व्यवधानों को छोड़कर 2016-17 तक निरंतर जारी रही। उनका यह अभिनव प्रयास अब प्रदेश भर में मॉडल के रूप में लागू हो चुका है, जो सोनभद्र जिले के लिए गौरव की बात है।
डॉ. महादेव द्वारा शुरू किए गए स्मार्ट क्लास, कैंप क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, आईसीटी लैब, वार्षिकोत्सव, हरियाली आंदोलन, इको क्लब, स्काउटिंग पत्रिका प्रकाशन तथा कंपोजिट क्लास जैसे अनेक नवाचार आज प्रदेश स्तर पर अपनाए जा रहे हैं। उनके प्रयासों से आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन भी विद्यालय के शैक्षिक माहौल को नई दिशा देता है।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक जय प्रसाद चौरसिया सहित ज्ञानेश, प्रदीप, पवन, रमेश, दीपक, शिवशंकर, उर्मिला, ममता, रामबहाल, मनराज, धनेश्वर, गनेश, रामबली, अमरावती, गीता सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ मौजूद रहे। बाल मेले के अंत में फूलन, खुशबू, रंजीत, अशोक, रमाकांत, इंद्रजीत, विमलेश, आदर्श, हीरावती, अभिमन्यु समेत कई प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया।
![]()












