दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। यातायात माह के तहत चल रही चेकिंग व अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान में दुद्धी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पंजाब से बिहार ले जाई जा रही करोड़ों की अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की कीमत लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई रविवार, 23 नवंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी व क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में की गई।

मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना (बिहार) की गोपनीय सूचना पर दुद्धी पुलिस ने रेणुकूट–दुद्धी मार्ग पर ग्राम कादल के पास ट्रक संख्या RJ 09 GE 6492 को रोककर चेकिंग की। ट्रक में ऊपर से धान की भूसी और लकड़ी का बुरादा लदा था। तलाशी के दौरान पुलिस को नीचे से मिली 680 पेटी (15120 बोतल) कुल 6085.44 लीटर मैकडावल नं.1 और इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की ट्रक में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी, जहां शराबबंदी के कारण अवैध शराब की मोटे दामों पर बिक्री होती है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक बभूता राम, निवासी बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक का मालिक संजय सिंह देवड़ा (रतलाम/चित्तौड़गढ़, राजस्थान) है।
![]()












