मिर्जापुर/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देशन में कमला आर्य कन्या पी.जी. कॉलेज, मिर्जापुर में कौमी एकता सप्ताह के अंतर्गत “भारतीय समाज में महिलाओं का महत्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रितु सिंह ने की। कार्यक्रम संयोजक के रूप में डॉ. पुष्पा मद्देशिया एवं डॉ. स्वांगी ने दायित्वों का सफल निर्वहन किया।
संगोष्ठी में जिला एकता समिति के सदस्य कृष्ण गोपाल वर्मा तथा साहित्यकार इरफान कुरैशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती वंदना से हुई।
महाविद्यालय की सहायक आचार्य डॉ. प्रीति जायसवाल, डॉ. संगीता एवं डॉ. किरण यादव ने भारतीय समाज में महिलाओं के ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए देश के विकास में उनकी अनिवार्य भूमिका को रेखांकित किया। छात्राओं अंशु मौर्य, प्राची, कनीज़ फातिमा, सोनाक्षी, श्वेता पांडेय ने भी विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
भारतीय संस्कृति की विविधता और अनेकता में एकता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों से खूब सराहना मिली। बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्राओं साक्षी, पृशा और सुनैना ने मातृशक्ति को समर्पित लोकगीत प्रस्तुत किया, जिसने कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा बढ़ाई।
विशिष्ट अतिथि कृष्ण गोपाल वर्मा तथा इरफान कुरैशी ने छात्राओं को कौमी एकता, भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी। दोनों वक्ताओं ने जागरूक नागरिक बनने पर जोर देते हुए सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता पर अपने विचार प्रकट किए।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रितु सिंह ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. शशि रॉय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संगोष्ठी का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
![]()













