सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। कलेक्ट्रेट मीटिंग हॉल में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले बैंकर्स पर कड़ा रुख अपनाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कई बैंक शाखाओं द्वारा लाभार्थियों की पत्रावलियों का समय से निस्तारण नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से लाभार्थियों को परेशान करने वाले बैंक अधिकारियों के खिलाफ उच्च स्तर पर पत्राचार किया जाएगा।
बैठक में ऋण जमा अनुपात (CD Ratio) की समीक्षा की गई, जिसमें प्रगति धीमी पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने लीड बैंक प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकर्स को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाकर सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग देना होगा।
बैठक के दौरान एनआरएलएम समूह की महिलाओं के बैंक खाते खोलने, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, पीएम सुरक्षा फसल बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड अप इंडिया, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड, एक जनपद-एक उत्पाद, कर्ज वसूली समेत विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि रोजगारपरक योजनाओं में तेजी लाकर स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने बैंकर्स को स्पष्ट निर्देश दिया कि विभागों द्वारा भेजी गई पत्रावलियों का निस्तारण समय से सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का लाभ आसानी से पात्रों तक पहुँच सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय मिश्रा, एलडीएम शाल्वे बागे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












