सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कानून-व्यवस्था की जमीनी समीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोनभद्र में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने जानकारी दी कि आगामी 12 दिसंबर 2025 को अपराह्न 12:30 बजे तहसील ओबरा क्षेत्र के राजस्व ग्राम जुगैल के पंचायत भवन में यह महत्वपूर्ण चौपाल आयोजित होगी।
जिलाधिकारी ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को सुनेंगे और उपलब्ध योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक सुनिश्चित कराने के लिए मौके पर ही निर्देश जारी करेंगे। चौपाल में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं पर भी चर्चा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आवश्यक सूचनाओं और अभिलेखों के साथ समय पर चौपाल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा सके। ग्रीन चौपाल के माध्यम से प्रशासन का लक्ष्य है कि ग्रामीणों को उनकी दहलीज पर पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी शासन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
![]()












