मिर्जापुर/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व रसायन उर्वरक श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने रविवार को मिर्जापुर जनपद के सरदार पटेल चौराहा स्थित सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
केन्द्रीय मंत्री ने उपस्थित लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल समाधान की दिशा में संज्ञान लिया। समस्याओं के निस्तारण हेतु उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत करते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों, बिजली आपूर्ति, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें मुख्य रूप से उठाई गईं। केंद्रीय मंत्री ने सभी विभागीय प्रतिनिधियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और जनविश्वास बनाए रखने की अपील की।
जनसंवाद में एनडीए गठबंधन के पदाधिकारी, भाजपा एवं अपना दल (एस) के कार्यकर्ता, जिले के प्रमुख व्यवसायी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इस संबंध में जानकारी जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान द्वारा दी गई।
![]()












