दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। थाना दुद्धी पुलिस ने गोवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जनवरी 2026 को थाना दुद्धी पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गोवंशीय पशुओं को अवैध रूप से लादकर झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने झारखंड बॉर्डर रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन संख्या UP70 QT 4205 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर रात लगभग 23:10 बजे उसे पकड़ लिया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक लादे गए 02 राशि गाय एवं 01 राशि बछिया बरामद की गई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम सुंदर भारती पुत्र स्वर्गीय लालमणि भारती, निवासी ग्राम बिलारी, थाना हंडिया, जनपद प्रयागराज, उम्र 22 वर्ष तथा लक्कू यादव पुत्र कमलेश कुमार, निवासी ग्राम भेलसी, थाना हंडिया, जनपद प्रयागराज, उम्र 20 वर्ष बताया।
पुलिस द्वारा बरामद गोवंशीय पशुओं को सुरक्षित निकालकर चारा-पानी की समुचित व्यवस्था की गई तथा पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना दुद्धी में मु0अ0सं0 07/2026 धारा 3/5A/8 गोवंश निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना दुद्धी पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोवंश तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
![]()











