12:39 PM, 11-Jan-2026
IND vs NZ Live Score: रोहित-कोहली का दिखेगा दम
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ी भी टीम में मौजूद हैं। रोहित और कोहली इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आए थे। कोहली शानदार फॉर्म में दिखे थे और उन्होंने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अब एक बार फिर Ro-Ko की यह जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले रोहित और कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी दो मैच खेले थे।
12:38 PM, 11-Jan-2026
IND vs NZ Live Score: यशस्वी को बैठना पड़ सकता है बाहर
यह देखना दिलचस्प होगा कि टी20 विश्व कप टीम से बाहर किए जाने के बाद कप्तान शुभमन गिल कैसी प्रतिक्रिया देते हैं। उनकी फॉर्म पहले से ही चिंता का विषय रही है, वहीं पिछले साल के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में वह चोट के कारण बाहर रहे थे। गिल की वापसी से यशस्वी जायसवाल को शीर्ष क्रम से बाहर बैठना पड़ सकता है। यशस्वी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में अपना पहला वनडे शतक जमाया था।
12:38 PM, 11-Jan-2026
IND vs NZ Live Score: श्रेयस अय्यर की होगी वापसी
इस सीरीज से श्रेयस अय्यर की भारतीय टीम में वापसी होगी। श्रेयस पिछले साल अक्तूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हो गए थे। वनडे सीरीज के लिए टीम घोषित करते समय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्पष्ट किया था कि श्रेयस का खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। श्रेयस ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई टीम की कप्तानी की थी और उन्हें सीओई से फिटनेस सर्टिफिकेट भी मिल गया था। इससे उनके न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने का रास्ता भी साफ हो गया। श्रेयस अय्यर की वापसी से बल्लेबाजी क्रम में चल रहे प्रयोगों पर विराम लगने की उम्मीद है और 31 वर्षीय इस बल्लेबाज का एक बार फिर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करना लगभग तय है।
12:37 PM, 11-Jan-2026
IND vs NZ Live Score: विकेटकीपर के तौर पर राहुल ही होंगे पहली पसंद
ऋषभ पंत के चोटिल होकर सीरीज से बाहर होने के बाद प्लेइंग-11 में विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल ही पहली पसंद होंगे। केएल राहुल की निचले क्रम के बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में भूमिका जारी रहेगा। जुरेल के खेलने की संभावना कम है। वहीं, अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने पूरे दमखम के साथ अभ्यास किया, जिससे उनकी उपलब्धता के संकेत मिले हैं।
12:36 PM, 11-Jan-2026
IND vs NZ Live Score: सिराज-हर्षित पर गेंदबाजी का दारोमदार
जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को टी20 प्रतिबद्धताओं के मद्देनजर वनडे सीरीज से आराम दिया गया है। ऐसे में तेज गेंदबाजी का दारोमदार मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा पर रहेगा। कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर और जडेजा स्पिन विभाग संभालेंगे। शाम की ओस और सपाट पिचों की प्रकृति को देखते हुए इस प्रारूप में आक्रामक विकेट लेने की बजाय रन रोकने पर अधिक जोर रहेगा। वहीं, ऑलराउंडर के तौर पर वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग-11 में जगह मिलने की उम्मीद है।
12:32 PM, 11-Jan-2026
IND vs NZ Live Score: जीत से सीरीज का आगाज करने उतरेगा भारत, पंत बाहर; राहुल करेंगे विकेटकीपिंग?
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। रविवार 11 जनवरी से भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हो रहा है। आज सीरीज का पहला मुकाबला बड़ोदा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा।













