बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कृष्णशिला परियोजना में आल इंडिया SC/ST/OBC इम्प्लॉई को-ऑर्डिनेशन काउंसिल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना के दर्जनों कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य काउंसिल के पदाधिकारियों का विधिवत गठन एवं संगठन को सुदृढ़ बनाना रहा।
बैठक के दौरान अध्यक्ष पद के लिए श्री राजकुमार के नाम का प्रस्ताव श्री मनोज मौर्या द्वारा प्रस्तुत किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से ताली बजाकर उनके नाम का समर्थन किया और सर्वसम्मति से उन्हें अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

सचिव पद हेतु श्री शैलेन्द्र कुमार के नाम का प्रस्ताव श्री कमलेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा रखा गया। इस प्रस्ताव को भी सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित करते हुए श्री शैलेन्द्र कुमार को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी। इसी क्रम में कोषाध्यक्ष पद के लिए श्री विपिन गौड़ा के नाम का प्रस्ताव श्री एच.के. परिड़ा द्वारा रखा गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने समर्थन देते हुए सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

बैठक में मुख्य रूप से नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) जोन अध्यक्ष श्री अनिल कुमार गौतम, महासचिव श्री अखिलेश कुमार मौर्य, श्री सत्येन्द्र कुमार सहित काउंसिल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता एवं कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री राजकुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे काउंसिल को और अधिक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने संगठन के प्रति विश्वास जताने और समर्थन देने के लिए सभी का धन्यवाद किया।
![]()













