बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की कृष्णशिला खदान में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में टैंकर चालक की वाहन के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेहटा गांव निवासी 46 वर्षीय भाईलाल पांडेय पुत्र कमला प्रसाद पांडेय ओबी कंपनी में टैंकर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। वह शुक्रवार को रात्रि पाली में ड्यूटी पर कृष्णशिला खदान पहुंचे थे। बताया जाता है कि पानी टंकी प्वाइंट के पास टैंकर खड़ा कर वह किसी कार्य से वाहन के आगे उतर गए। इसी दौरान ढलान पर खड़ा टैंकर अचानक लुढ़क गया और उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। टैंकर का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी तब हुई जब दूसरी कंपनी का टैंकर चालक पानी लेने के लिए वहां पहुंचा और स्थिति देख तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
शक्तिनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक कमल नयन दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कंपनी के एचआर सूरज पांडेय के अनुसार, मृतक पिछले लगभग दस वर्षों से कंपनी में कार्यरत थे। प्रबंधन की ओर से परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा चेक तथा डेढ़ लाख रुपये अंतिम संस्कार हेतु प्रदान किए गए हैं। साथ ही हादसे की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है।
घटना की सूचना पर डीजीएमएस की टीम भी मौके पर पहुंची और तकनीकी पहलुओं की जांच प्रारंभ कर दी। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
![]()













