सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के ओबरा क्षेत्र में खनन कारोबार से जुड़े कई बड़े नामों पर आयकर विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई के दायरे में बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह समेत कई प्रमुख कारोबारी बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीमों ने सुबह से ही ओबरा और आसपास के क्षेत्रों में एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। टीमों ने संबंधित व्यक्तियों के आवास, कार्यालय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर दस्तावेजों की गहन जांच की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई खनन कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन और आय-व्यय के विवरण में संभावित अनियमितताओं को लेकर की गई है।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर डाटा और अन्य अभिलेखों को खंगाला। कुछ स्थानों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी जांच के लिए कब्जे में लेने की चर्चा है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।
ओबरा क्षेत्र खनन गतिविधियों के लिए जाना जाता है और यहां कई बड़े कारोबारी सक्रिय हैं। ऐसे में आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
फिलहाल जांच जारी है और विभागीय अधिकारी संबंधित अभिलेखों का मिलान कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इस कार्रवाई से जुड़े और तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
![]()












