सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में नवनिर्मित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल वाटिका’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने वित्तीय समावेशन जागरूकता शिविर का फीता काटकर शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, बैंक अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
राज्यपाल ने वाटिका का अवलोकन करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर स्थापित यह वाटिका नागरिकों को प्रेरणा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों का विकास जनसुविधा और सामाजिक चेतना दोनों के लिए आवश्यक है।

वित्तीय समावेशन जागरूकता शिविर के शुभारंभ के दौरान राज्यपाल ने बैंकर्स, कोषागार, NABARD, आरसेटी, Indian Bank, State Bank of India तथा फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाओं की पहुंच और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को योजनाओं से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।

राज्यपाल ने कहा कि वित्तीय समावेशन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर ग्रामीण, गरीब और वंचित समुदाय को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना है। उन्होंने जनधन खाते, बीमा योजनाओं, पेंशन योजनाओं और स्वरोजगार योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव कुमार गोंड, विधायक सदर भूपेश चौबे, विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, लीड बैंक मैनेजर सलन बागे सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()












