बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। क्षेत्र के योगीचौरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल भरने में घटतौली किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय वाहन स्वामियों ने आरोप लगाया है कि पेट्रोल और डीजल भराते समय मीटर पर दर्शाई गई मात्रा के अनुरूप ईंधन नहीं दिया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वाहन चालकों का कहना है कि कई बार निर्धारित राशि के अनुसार ईंधन भरवाने के बावजूद वाहन की टंकी में अपेक्षित स्तर तक तेल नहीं पहुंच रहा। कुछ सजग उपभोक्ताओं ने जब संदेह होने पर आपत्ति जताई और पुनः जांच की मांग की, तो कर्मचारियों द्वारा दोबारा तेल डालकर मामला शांत करने का प्रयास किया गया। इससे उपभोक्ताओं में और अधिक शंका उत्पन्न हो गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेट्रोल पंप पर तैनात कुछ कर्मचारी इस पूरे प्रकरण को दबाने का प्रयास कर रहे हैं और इसकी जानकारी पंप स्वामी तक नहीं पहुंचने दी जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं कराई गई तो आम जनता का भरोसा टूट सकता है।
घटनाक्रम के बाद वाहन स्वामियों में रोष व्याप्त है। लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि पेट्रोल पंप पर माप-तौल यंत्रों की जांच कराई जाए तथा यदि अनियमितता पाई जाए तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की है।
![]()












