लखनऊ/एबीएन न्यूज। होली पर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को त्योहार के मद्देनजर साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार 2 से 4 मार्च तक प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों (डीएम) और मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को अभियान की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहार के दौरान कहीं भी अव्यवस्था न हो।
अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम स्थलों, घाटों, तालाबों, अमृत सरोवरों और स्नान स्थलों की व्यापक सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और अपशिष्ट निस्तारण जैसे कार्य प्राथमिकता से किए जाएंगे। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि होलिकोत्सव से पहले और बाद दोनों समय विशेष सफाई व्यवस्था लागू रहे।
पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी अपशिष्ट पदार्थों का समुचित निपटान किया जाए। ग्राम पंचायतों में निर्मित रूरल रिसोर्स सेंटर पर कचरे को एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जाएगा। जलभराव वाले स्थलों की पहचान कर स्थायी समाधान के तहत जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि डेंगू, मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हो सके।
सभी जिला पंचायतीराज अधिकारियों को विशेष सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नदी, तालाब और सरोवरों के घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी स्थानीय ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। सरकार का कहना है कि इस अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
![]()












