लखनऊ/एबीएन न्यूज। राजधानी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 18 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 17 करोड़ 96 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे एक महिला और एक पुरुष यात्री को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोका गया। दोनों यात्री Thai AirAsia की उड़ान संख्या एफडी-146 से बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे थे। जांच के दौरान उनके सामान से 12 गुलाबी रंग की पॉलिथीन में पैक हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई। कार्रवाई राजस्व खुफिया निदेशालय की टीम द्वारा की गई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन लगभग 18 किलोग्राम बताया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 17.96 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों तस्कर बैंकॉक से इस अवैध मादक पदार्थ को लेकर लखनऊ पहुंचे थे। डीआरआई टीम ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में इस तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां तस्करी के स्रोत व गंतव्य का पता लगाने में जुटी हैं।
![]()












