लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा 02 मार्च 2026 को लखनऊ–दरियाबाद–लखनऊ तथा लखनऊ–रायबरेली–लखनऊ रेलखंडों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना रहा।
इस विशेष टिकट जांच अभियान के अंतर्गत गाड़ी संख्या 13308, 13307, 04218 एवं 13005 में सघन जांच की गई। अभियान में कुल 24 टिकट जांच कर्मियों एवं 3 आरपीएफ जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। टीमों ने ट्रेनों और प्रमुख स्टेशनों पर गहन चेकिंग कर अनियमित यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल 8,278 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे ₹1,21,780 (एक लाख इक्कीस हजार सात सौ अस्सी रुपये) का राजस्व अर्जित किया गया। अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के विशेष अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे, ताकि रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बनी रहे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट अवश्य लें और रेलवे नियमों का पालन करें। बिना टिकट यात्रा करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
![]()











