लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में आयोजित अंतर विभागीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। फाइनल मैच वर्कशॉप विभाग और मैकेनिकल विभाग की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें वर्कशॉप टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 के प्रभावशाली अंतर से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैकेनिकल विभाग की टीम उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और बेहतरीन टीम वर्क का परिचय दिया। वर्कशॉप टीम ने संतुलित रणनीति और आक्रामक खेल शैली अपनाते हुए शुरुआती बढ़त बनाई, जिसे अंत तक कायम रखा। वहीं मैकेनिकल विभाग की टीम ने भी कड़ा संघर्ष करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री शूरवीर सिंह चौहान तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (सी एंड डब्ल्यू) श्री देवेश शर्मा भी मौजूद रहे।

मंडल रेल प्रबंधक ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद गतिविधियां कर्मचारियों के बीच पारस्परिक सहयोग, समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन और समर्पण की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता वर्कशॉप टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता मैकेनिकल टीम को भी प्रशस्ति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने कर्मचारियों में शारीरिक स्फूर्ति, टीम भावना और संगठनात्मक एकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
![]()












