सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में रविवार को जंगल में पति-पत्नी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार दिन पहले काम पर निकले दंपति में से पुरुष का शव जंगल में आसन के पेड़ से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला, जबकि महिला का शव कुछ दूरी पर नाली के पास पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया है।
मृतक के बड़े बेटे शिवशंकर ने बताया कि उसके पिता रामसूरत (45) पुत्र धनराज और मां कौशल्या देवी (40) गांव के ही छिकड़ाडांड निवासी रामसुंदर के मकान में मिट्टी से दीवार उठाने का काम कर रहे थे। चार दिन पहले दोनों रोज की तरह काम पर गए थे और शाम को घर लौटने के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
बताया जा रहा है कि मृतक दंपति के दो बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक Abhishek Kumar Verma ने बताया कि चोपन थाना क्षेत्र में रामसूरत खरवार (45) का शव पेड़ से लटका मिला है, जबकि उनकी पत्नी कौशल्या (40) का शव पास में चोट के निशानों के साथ बरामद हुआ है। दोनों 11 मार्च से घर से लापता थे। प्रथम दृष्टया पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()











