सोनभद्र/एबीएन न्यूज। Sonbhadra में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला ने की। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, ऋण वितरण तथा सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने बैंक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो बैंकर्स जनमानस की सुविधा के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हैं, केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित पत्रावलियों का समय से निस्तारण नहीं कर रहे हैं तथा अनावश्यक रूप से लाभार्थियों को परेशान कर रहे हैं, उनके विरुद्ध उच्च स्तर पर पत्राचार कर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जनपद में बैंक ऋण-जमा अनुपात की समीक्षा करते हुए कहा कि बैंकर्स विभिन्न विभागों से प्राप्त योजनाओं की पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंकिंग व्यवस्था का उद्देश्य आम नागरिकों को सुविधाएं प्रदान करना है, इसलिए सभी बैंक अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं।
बैठक में एनआरएलएम समूह की महिलाओं के खाते खोलने, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सुरक्षा फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंडअप इंडिया, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, नाबार्ड द्वारा प्री-पोटेंशियल लिंक्ड प्लान, वित्तीय परामर्श केंद्रों की प्रगति, आरसेटी द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम, एक जनपद-एक उत्पाद योजना, कर्ज वसूली, किसान क्रेडिट कार्ड, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की बिंदुवार समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों से कहा कि वे रोजगारपरक योजनाओं में सक्रिय सहयोग करते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाएं और योजनाओं से संबंधित पत्रावलियों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। बैठक में जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय मिश्रा, एलडीएम शाल्वे बागे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()













