सोनभद्र/एबीएन न्यूज। Sonbhadra में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित कार्यों के लिए चयनित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डायट परिसर स्थित मदन मोहन मालवीय सभागार में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, आवासीय स्थिति तथा सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों का सटीक आंकलन किया जाता है। इसलिए इस कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार तथा जॉइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों को संबोधित किया। उन्होंने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की विभिन्न योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि सभी फील्ड ट्रेनर्स और संबंधित कार्मिक अपने कार्यों को गंभीरता से लें और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कार्य करें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के चयनित मास्टर ट्रेनर डॉ. के.एन. उपाध्याय और सौरभ सिंह द्वारा प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना तथा फील्ड स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही जनगणना निदेशालय से आई अधिकारी प्रियासा सिंह ने भी जनगणना 2027 से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, तकनीकी बिंदुओं और कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से फील्ड ट्रेनर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश, तकनीकी जानकारी तथा कार्यप्रणाली से अवगत कराया जा रहा है, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
![]()












