दुद्धी / सोनभद्र/एबीएन न्यूज। अवैध खनन एवं गिट्टी परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टिप्पर (UP64CT4890) को सीज कर दिया। यह टिप्पर हाथीनाला से गिट्टी लादकर तेज रफ्तार में दुद्धी की ओर आ रहा था। उपजिलाधिकारी निखिल यादव के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह की टीम ने दुद्धी थाना परिसर के पास वाहन को रोका।
वाहन चालक से गिट्टी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद चालक कमलेश कुमार यादव पुत्र रामप्रसाद को हिरासत में ले लिया गया और वाहन को थाने में खड़ा करा दिया गया।
सूचना मिलते ही खनन निरीक्षक मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और वाहन चालक, वाहन स्वामी व स्टोन क्रशर प्लांट मालिक के खिलाफ खनन अधिनियम की धाराओं में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इसके उपरांत टिप्पर को विधिवत रूप से सीज कर दिया गया।
प्रशासन ने सख्त संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बिना दस्तावेज परिवहन पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी। लगातार की जा रही कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध खनन या बिना वैध कागजात के वाहन चलते दिखें, तो तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचित करें।