लखनऊ/एबीएन न्यूज। स्वतंत्रता दिवस से आरम्भ स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण के तहत पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम व्यापक स्तर पर संचालित किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम महेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह अभियान लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग जंक्शन, गोंडा, गोरखपुर, बस्ती, खलीलाबाद समेत रेलवे कॉलोनियों में चल रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को डीआरएम गौरव अग्रवाल ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह और अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू के साथ लखनऊ जंक्शन पर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ‘रीड्यूस, रीयूज़, रीसाइकिल’ थीम पर आधारित आकर्षक मॉडल स्टालों का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित सामान खरीदे। श्री अग्रवाल ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ये स्टाल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि सामुदायिक भागीदारी को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, लखनऊ की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता व अन्य महिला पदाधिकारी भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी प्रदर्शित सामग्रियों की खरीदारी कर सभी का उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद डीआरएम ने मुख्य चल टिकट निरीक्षक कार्यालय और टीटीई (ई) लॉबी का निरीक्षण किया, जहां हाल ही में शुरू की गई बायोमेट्रिक ‘साइन-इन, साइन-ऑफ’ प्रणाली की समीक्षा की गई। उन्होंने कर्मचारियों को कार्यालय को सुव्यवस्थित रखने के लिए प्रोत्साहित किया और टिकट राजस्व व यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने में वाणिज्य कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
![]()














