लखनऊ/एबीएन न्यूज। भारतीय रेलवे परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम) के नए महानिदेशक के रूप में श्री रंजन प्रकाश ठाकुर ने 27 अक्टूबर 2025 को अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने कहा कि उनका प्रमुख लक्ष्य आईआरआईटीएम को परिवहन प्रबंधन में उत्कृष्टता केंद्र और यातायात अधिकारियों के प्रशिक्षण का प्रमुख संस्थान बनाना है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे में नवाचार, व्यावसायिक विकास और भविष्य के लिए तैयार नेतृत्व को प्रोत्साहित करना उनकी प्राथमिकता होगी।
पदभार ग्रहण के बाद श्री ठाकुर ने संस्थान के अपर महानिदेशक श्री संजय त्रिपाठी और संकाय सदस्यों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। श्री रंजन प्रकाश ठाकुर भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) 1989 बैच के एक प्रतिष्ठित अधिकारी हैं। उन्हें लोक सेवा और प्रशासन में तीन दशकों का अनुभव है। उन्होंने इससे पूर्व तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) में मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) के रूप में कार्य किया।
इसके अलावा वे जम्मू-कश्मीर सरकार में उद्योग, वाणिज्य और नागरिक उड्डयन के प्रधान सचिव (2021-22), एनटीपीसी में कार्यकारी निदेशक (ईंधन परिवहन) तथा दूरदर्शन के अतिरिक्त महानिदेशक (2012-14) जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वे 2007 से 2012 तक केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री के निजी सचिव भी रहे।
भारतीय रेलवे में उन्होंने कार्यकारी निदेशक (रेल मंत्रालय, 2015-17), डिवीजनल रेलवे मैनेजर (दानापुर, 2017-20) और मुख्य सुरक्षा अधिकारी (2020) के रूप में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। श्री ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक, भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (IIFT) से एमबीए तथा भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) इंदौर से उच्च शिक्षा प्राप्त की है। साथ ही, उन्होंने जर्मनी से मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट में डिप्लोमा भी हासिल किया है। उनकी यह व्यापक शैक्षणिक और प्रशासनिक पृष्ठभूमि भारतीय रेलवे के प्रशिक्षण, प्रबंधन और नवाचार के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करने की क्षमता रखती है।
![]()












