बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत वाराणसी–शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें टेलर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा महाप्रबंधक कार्यालय बीना के समीप उस समय हुआ जब कोयला लेने जा रही एक तेज रफ्तार टेलर खड़े हायवा ट्रक से पीछे से जोरदार टकरा गई।
सुबह लगभग 5 बजे हुए इस हादसे में टक्कर इतनी भीषण थी कि टेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह दब गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के करीब दो घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके कारण चालक लंबे समय तक केबिन में फंसा रहा और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर बीना पुलिस चौकी प्रभारी जीतेन्द्र सरोज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, टेलर संख्या NL01AH4767 खड़े हायवा UP64T0441 में पीछे से टकराई। हादसे में मृत चालक की पहचान शिवशंकर यादव, पुत्र बाबादीन (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी धुआडोल, थाना मड़वास, जिला सीधी के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एनटीपीसी शक्तिनगर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय से पुलिस को सूचना दी गई होती तो संभवतः चालक की जान बचाई जा सकती थी। हादसे ने सड़क सुरक्षा और समय पर सूचना देने की अहमियत को एक बार फिर रेखांकित किया है।
![]()













