लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव S. P. Goyal ने मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में जनसुनवाई, सीएम युवा योजना, लखपति दीदी कार्यक्रम, पीएम जन आरोग्य योजना तथा पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों को अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा उनके निस्तारण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी कार्यालयों में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अधीनस्थ अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहे। जिन 10 जनपदों में सर्वाधिक शिकायतें स्पेशल क्लोज की गई हैं, उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीएम युवा योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 1.5 लाख के लक्ष्य के सापेक्ष अभी 35,000 आवेदन शेष हैं। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 30 मार्च तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। साथ ही 20 फरवरी को सभी जनपदों में वृहद ऋण वितरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आजमगढ़, जौनपुर और हरदोई जनपदों को बधाई दी, जिन्होंने लक्ष्य से अधिक ऋण वितरण किया है।
लखपति दीदी कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद और ब्लॉक स्तर पर गठित समितियों की नियमित बैठकें सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं पीएम जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। फरवरी माह के प्रथम 15 दिनों में 4,75,199 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। मुख्य सचिव ने सभी निष्क्रिय यूजर्स को शीघ्र सक्रिय करने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा में बताया गया कि प्रदेश में सुदृढ़ ईको सिस्टम विकसित हो चुका है और प्रतिदिन लगभग 1,000 सोलर इंस्टॉलेशन किए जा रहे हैं। मुख्य सचिव ने सभी मंडलायुक्त और जिलाधिकारी कार्यालयों को सोलराइज करने के निर्देश दिए। साथ ही निदेशालयों एवं अन्य शासकीय भवनों में भी सोलर सिस्टम स्थापित करने पर बल दिया। बैठक में अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
![]()













