लखनऊ/एबीएन न्यूज। North Eastern Railway के लखनऊ मंडल में संचालित ‘नवजात शिशु देखभाल सप्ताह’ के अंतर्गत आज मंडल चिकित्सालय, बादशाहनगर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, लखनऊ की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता ने नवजात शिशुओं को वाटरप्रूफ शीट, बेबी किट एवं डायपर वितरित किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात शिशुओं के जीवन के प्रारंभिक दिनों में आवश्यक देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान चिकित्सकों एवं महिला संगठन की सदस्यों ने शिशुओं के परिजनों को साफ-सफाई, पोषण, टीकाकरण तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि जन्म के बाद के पहले कुछ दिन शिशु के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं।
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष श्रीमती मानसी सिंह, सचिव श्रीमती स्मृति सचान, संयुक्त सचिव श्रीमती अदिति सिंह सहित महिला समिति की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्री रमेश चंद्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्रीमती अनामिका सिंह तथा मंडल चिकित्सालय के अन्य चिकित्साधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों से न केवल नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण में मदद मिलती है, बल्कि माताओं को भी आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श समय पर उपलब्ध हो पाता है। महिला कल्याण संगठन द्वारा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
![]()













