बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। आगामी होली पर्व एवं रमजान माह को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना ओबरा क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस एवं सीआईएसएफ द्वारा संयुक्त रूप से रूट मार्च किया गया। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए यह फ्लैग मार्च व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया।
दिनांक 21 फरवरी 2026 की सायंकाल क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के नेतृत्व में थाना ओबरा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। रूट मार्च में प्रभारी निरीक्षक ओबरा, थाना ओबरा पुलिस बल तथा Central Industrial Security Force (CISF) के जवान शामिल रहे।
मार्च के दौरान अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए त्यौहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया गया कि अफवाह फैलाने, हुड़दंग करने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रूट मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा का विश्वास कायम करना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करना है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सोनभद्र पुलिस ने दोहराया कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
![]()













