बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कोहरौलिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में विश्व कल्याण की कामना से दस दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर हवन, पूजन और कथा श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। मंदिर परिसर इन दिनों पूर्णतः भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान है।
यह महायज्ञ भर्गदेव नारायण द्विवेदी (यज्ञाधीश, सोनभद्र) के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। यज्ञ समिति प्राचीन शिव मंदिर कोहरौलिया के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों की विधिवत श्रृंखला चलाई जा रही है।
प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से मिर्जापुर के आचार्य गोपालधार द्विवेदी द्वारा श्री विष्णु कथा का वाचन किया जाता है, जिसमें धर्म, भक्ति और सदाचार के महत्व पर प्रकाश डाला जाता है। इसके पश्चात शाम 5 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ हवन एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न होता है।
शाम लगभग 7 बजे से मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा आकर्षक कृष्णलीला का मंचन किया जाता है, जो रात्रि 11 बजे तक चलता है। कृष्णलीला की मनोहारी प्रस्तुति श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रही है और धार्मिक वातावरण को और अधिक आलोकित कर रही है।
यज्ञ के दौरान श्रद्धालु मंदिर की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं तथा अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। आगामी 28 फरवरी को यज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
![]()














