दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। तहसील अंतर्गत कोतवाली क्षेत्र में रेलवे पोल संख्या 09/23 के समीप एक 25 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
स्थानीय लोगों द्वारा मृतका की पहचान मनबस पत्नी विशुन गोंड निवासी कटौंधी, पोस्ट झारो कला के रूप में की गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त करते हुए बताया कि महिला सोमवार की शाम से घर नहीं लौटी थी, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
ग्रामीणों के अनुसार शाम करीब 5 बजे महिला को रेलवे ट्रैक के बीच कबाड़ बीनते हुए देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि कबाड़ एकत्र करने के दौरान वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की एक छोटी बेटी है, जबकि उसका पति बाहर रहकर मजदूरी करता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
![]()













