दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। स्थानीय तहसील परिसर के सभागार कक्ष में सोमवार को होली और रमजान को लेकर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ ने कहा कि इसी माह होली का पर्व और रमजान का पवित्र महीना एक साथ पड़ रहा है, ऐसे में सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की ईर्ष्या, द्वेष या मतभेद को बढ़ावा न दें और मिलजुलकर पर्व मनाने की परंपरा को कायम रखें। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर एक साथ होलिका दहन का कार्यक्रम होता है, जबकि नगवा गांव में जिंदा होलिका दहन की परंपरा है। 4 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा तथा पंचांग के अनुसार दो दिन पूर्व परंपरागत ढंग से होलिका दहन संपन्न होगा।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि होली भाईचारे का त्योहार है, इसे सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। डीजे पर अश्लील गीतों से परहेज किया जाए और किसी भी धर्मस्थल के पास ऐसा कोई कार्य न हो जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों। यदि त्योहार के दौरान कोई समस्या उत्पन्न होती है तो सीधे पुलिस प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही संबंधित गांवों के प्रधानों से निगरानी रखने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि होली और रमजान को लेकर दुद्धी मुख्य बाजार तथा अमवार मोड़ पर विशेष रूप से पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। त्योहार में खलल डालने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, जय बजरंग अखाड़ा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल, कमल कानू सहित अन्य लोगों ने पारंपरिक होली की तिथियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर तहसीलदार अंजनी गुप्ता, कस्बा प्रभारी हरिकेश राम आजाद, आनंद अग्रहरि, प्रधान त्रिभुवन यादव, शिवकुमार यादव, जगत नारायण, सुभाष भारती, प्रतिनिधि संतोष, सुभाष चंद्र कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
![]()












