लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट जांच कर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दिनांक 26 फरवरी 2026 को आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने चयनित कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके कार्य की सराहना की।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि टिकट जांच कर्मियों की मेहनत, सतर्कता और ईमानदारी से न केवल बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है, बल्कि रेलवे की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यात्रियों में टिकटिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुरस्कृत कर्मचारियों का चयन उनके प्रदर्शन और राजस्व अर्जन के आधार पर किया गया।
सम्मानित कर्मचारियों में वाराणसी, बाराबंकी, लखनऊ, अयोध्या कैंट, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर स्टेशनों पर तैनात टीटीआई, सीटीआई, एचटीटीई एवं अन्य वाणिज्यिक कर्मी शामिल रहे।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, लखनऊ ने भी सभी चयनित कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि टिकट जांच व्यवस्था की मजबूती से रेलवे की छवि सुदृढ़ होती है और यात्रियों का विश्वास भी बढ़ता है।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में सम्मान समारोह संपन्न हुआ। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी कर्मियों से अपेक्षा की कि वे इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करते रहें, जिससे रेलवे की सेवा और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बन सके।
![]()












