लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने आज दिनांक 28 फरवरी 2026 को 40 क्वार्टर रेलवे कॉलोनी स्थित सामुदायिक केंद्र, स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों की स्वच्छता व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान होली पर्व को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
मंडल रेल प्रबंधक ने 40 क्वार्टर रेलवे कॉलोनी स्थित सामुदायिक केंद्र में चल रहे उन्नयन कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके उपरांत उन्होंने कैबवे (मवैया की ओर) प्रस्तावित ऑडिटोरियम निर्माण के लिए संभावित स्थान का अवलोकन किया। लखनऊ मंडल द्वारा ऑडिटोरियम निर्माण के लिए स्थान का सर्वे भी किया गया है, जिससे भविष्य में यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों के लिए बेहतर सामुदायिक सुविधाएं विकसित की जा सकें। साथ ही कैबवे निर्माण के लिए स्थान चिन्हित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई।
आगामी होली पर्व पर संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लखनऊ स्टेशन परिसर में लगभग 1200 यात्रियों की क्षमता वाला एक होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जिससे भीड़ प्रबंधन सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से किया जा सके तथा यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर ट्रेनों की सफाई व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। स्वच्छता मानकों, वॉशरूम की कार्यशीलता, पानी की उपलब्धता और कोचों में उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर स्थित शौचालयों की साफ-सफाई का विशेष निरीक्षण किया गया और अधिकारियों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वॉशरूम की स्वच्छता को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर बल देते हुए पर्यवेक्षकों को निर्धारित सफाई प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान 12232 चंडीगढ़–लखनऊ एक्सप्रेस, 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस, 15108 बनारस–लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा 04603 स्पेशल ट्रेन के कोचों की साफ-सफाई, वॉशरूम की स्थिति एवं जल उपलब्धता की विस्तृत जांच की गई।
स्टेशन परिसर में स्थित कैटरिंग स्टॉलों पर ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था की भी समीक्षा की गई और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर और संतोषजनक यात्रा अनुभव मिल सके।
![]()












