सोनभद्र/एबीएन न्यूज। होली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण लोकभवन, लखनऊ से किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से लाभार्थियों को दिखाया गया, जहां बड़ी संख्या में उज्ज्वला परिवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तहत लगभग 1500 करोड़ रुपये की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करना है।

कार्यक्रम के उपरांत सदर विधायक भूपेश चैबे, जिलाधिकारी बीएन सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, नगर पंचायत अध्यक्ष रेनुकूट, नगर पंचायत अध्यक्ष पिपरी एवं जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह द्वारा लाभार्थियों को सांकेतिक चेक वितरित किए गए।

सदर विधायक भूपेश चैबे ने कहा कि शासन की मंशा है कि गरीब परिवारों को धुएं से मुक्ति मिले और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के खाते में सब्सिडी हस्तांतरित करना सराहनीय कदम है।

नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनसे मातृ शक्ति को मजबूती मिल रही है। वहीं जिलाधिकारी बीएन सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता समाज के कमजोर वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस पहल से घरेलू बजट पर पड़ने वाला अतिरिक्त बोझ कम होगा।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उद्देश्य महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाना, स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। शासन द्वारा संचालित इस प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
![]()














