बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। थाना शक्तिनगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है।
थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार रात मुखबिर की सूचना पर कोहरौल पानी टंकी के पास से करन गिरि (20 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय राजू गिरि, निवासी पीडब्ल्यूडी मोड़, शक्तिनगर को रात लगभग 8:30 बजे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 ग्राम अवैध हेरोइन एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना शक्तिनगर में मु0अ0सं0-35/2026, धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह लंबे समय से हेरोइन की बिक्री में संलिप्त था और इसी अवैध धंधे से अपने शौक तथा परिवार का पालन-पोषण करता था। उसने खुलासा किया कि 27 फरवरी 2026 की रात उसे आकाश सोनकर निवासी रॉबर्ट्सगंज द्वारा हेरोइन उपलब्ध कराई गई थी, जिसे लेकर वह बीना से कोहरौल की ओर जा रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा।
अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि पूर्व में वह अकरम निवासी ग्राम चिल्काडाड, थाना शक्तिनगर से भी हेरोइन लेकर बिक्री करता था। उसके अनुसार आकाश सोनकर बाहरी जनपद से मादक पदार्थ थोक में लाकर वितरण करता है और उससे होने वाला लाभ आपस में बांटा जाता है। उसने यह भी बताया कि वह पूर्व में भी हेरोइन बिक्री के मामले में जेल जा चुका है।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2024 में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा वर्ष 2025 में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान प्रकरण में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर धाराओं में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कमल नयन दूबे, चौकी प्रभारी बीना अजय कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार सिंह, माधवानंद सिंह, दिनेश भारती तथा कांस्टेबल अक्षय यादव शामिल रहे। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]()














