सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों से फरवरी माह के अंत में कुल 59 कर्मी सेवानिवृत्त हुए। इनमें 11 अधिकारी और 48 कर्मचारी शामिल हैं। इस अवसर पर एनसीएल मुख्यालय सहित विभिन्न परियोजनाओं में अभिनंदन समारोह आयोजित कर उनके योगदान को स्मरण किया गया और भावभीनी विदाई दी गई।
एनसीएल मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में महाप्रबंधक (उत्खनन) प्रतीक सिन्हा, महाप्रबंधक (उत्खनन/सतर्कता) उमाकांत यादव तथा केंद्रीय चिकित्सालय सिंगरौली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी निर्मल कुमार भौमिक जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त सीएमसी विभाग के कार्यालय अधीक्षक रविंद्र सिंह एवं निदेशक (वित्त) सचिवालय के सहायक परिवहन पर्यवेक्षक भुवाल राम को भी उनकी समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मियों को जीवन के नए चरण की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा काल के दौरान उनके अनुभव और समर्पण ने कंपनी की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने उन्हें परिवार के साथ संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने, अधूरे सपनों को पूरा करने और एनसीएल परिवार से जुड़े रहने का संदेश दिया।
निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी ने भी सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कंपनी की उन्नति में उनके परिश्रम और योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने सेवा काल के अनुभव साझा किए और एनसीएल के साथ बिताए वर्षों को याद किया।
महाप्रबंधक (उत्खनन) प्रतीक सिन्हा ने एनसीएल को एक ‘वट वृक्ष’ की संज्ञा देते हुए कंपनी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। वहीं उमाकांत यादव ने एनसीएल को एक परिवार बताते हुए कहा कि कंपनी ने सदैव कर्मियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं का ध्यान रखा है। उन्होंने युवा पीढ़ी से कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों की प्रशासनिक दक्षता, सूक्ष्म प्रबंधन क्षमता और सौम्य व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![]()














