Last Updated:
भारत में एंटरटेनमेंट का सबसे बड़ा अड्डा प्राइम वीडियो दर्शकों के लिए खुशियों का पिटारा लेकर आया है. अपने खास इवेंट ‘प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स’ में उन्होंने अब तक का सबसे बड़ा धमाका करते हुए लगभग 55 नई ऑरिजिनल सीरीज और फिल्मों का ऐलान किया है. इस लिस्ट में न केवल प्राइम वीडियो की अपनी ऑरिजिनल फिल्में और शो शामिल हैं, बल्कि अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की वो फिल्में भी हैं जो सीधे सिनेमाघरों में रिलीज होंगी. इसके अलावा, कई बड़ी लाइसेंस्ड फिल्मों की भी घोषणा की गई है. खास बात यह है कि यह सारा कंटेंट अलग-अलग भाषाओं में होगा, जो घर बैठे स्ट्रीमिंग से लेकर बड़े पर्दे तक दर्शकों का भरपूर एंटरटेनमेंट करेगा.
नई दिल्ली: डिजिटल एंटरटेनमेंट की दुनिया अब पूरी तरह बदलने वाली है. अमेजन प्राइम वीडियो ने मुंबई के एक भव्य इवेंट में अपनी अब तक की सबसे बड़ी ‘इंडियन ऑरिजिनल स्लेट’ पेश कर दी है. इस बार कंपनी ने एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 55 नए प्रोजेक्ट्स का ऐलान किया है. इसमें एक्शन, थ्रिलर, कॉमेडी और ड्रामा से लेकर असल जिंदगी पर आधारित कहानियों का ऐसा तड़का लगाया गया है कि फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच गई है.

सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है कार्तिक आर्यन का नया प्रोजेक्ट ‘नागजिला’. यह एक फैंटेसी ड्रामा है जो दर्शकों को नागलोक की रहस्यमयी और कॉमिक दुनिया की सैर कराएगा. कार्तिक को एक नए और अनोखे अवतार में देखना वाकई दिलचस्प होने वाला है. मेकर्स का दावा है कि इसकी कहानी और विजुअल्स भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक नया स्टैंडर्ड सेट करेंगे, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर अभी से चर्चा शुरू हो गई है.

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की जोड़ी ‘वन- फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में नजर आने वाली है. यह कहानी मॉडर्न सोच और पुरानी मान्यताओं के बीच की जंग को दिखाती है. फिल्म में एक ऐसे इंसान का स्ट्रगल है जो सिर्फ लॉजिक पर भरोसा करता है, लेकिन हालात उसे एक ऐसी जादुई और रहस्यमयी दुनिया में खींच ले जाते हैं, जहां उसे अपने गांव की रक्षा के लिए अपनी सोच बदलनी पड़ती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

स्पोर्ट्स और म्यूजिक के शौकीनों के लिए ‘लुक्खे’ नाम की सीरीज आ रही है. इसकी कहानी काफी हटकर है, जिसमें एक खिलाड़ी ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए रैप म्यूजिक की दुनिया का सहारा लेता है. इसके अलावा, रिश्तों की उलझन और प्यार के नाजुक अहसासों को समेटे हुए ‘रफू’ नाम की एक इमोशनल कहानी भी दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार है, जो काफी हल्की-फुल्की और दिल को छू लेने वाली होगी.

क्राइम और सिस्टम की कहानियों को पसंद करने वालों के लिए ‘टैक्स डिपार्टमेंट स्टोरी’ और ‘कारनामे बदला गियर पलटी किस्मत’ जैसे टाइटल्स की घोषणा की गई है. जहां एक तरफ एक ईमानदार अफसर सफेदपोश अपराधियों के छक्के छुड़ाता नजर आएगा, वहीं दूसरी तरफ चार दोस्तों की कहानी है जो शॉर्टकट के चक्कर में गलत रास्ता चुन लेते हैं और फिर शुरू होता है दोस्ती, धोखे और जान बचाने की जद्दोजहद का सिलसिला.

दमदार एक्टिंग के बादशाह केके मेनन ‘आदर्श बाल विद्यालय’ के जरिए सरकारी स्कूल के सिस्टम को सुधारने की जद्दोजहद दिखाते नजर आएंगे. यह एक प्रेरणादायक कहानी है जिसमें एक प्रिंसिपल और टीचर्स मिलकर सड़े हुए सिस्टम को चुनौती देते हैं. वहीं, सस्पेंस के शौकीनों के लिए ‘तीन कौवे’ एक जासूसी थ्रिलर लेकर आ रहा है, जिसमें एक पूर्व एजेंट खुद पर लगे दाग धोने की कोशिश में अपनी जान की बाजी लगा देता है.

1960 के दशक की मुंबई को पर्दे पर उतारने के लिए विजय वर्मा ‘मटका किंग’ बनकर आ रहे हैं. यह कहानी जुए के उस काले कारोबार की है जिसने पूरी मुंबई को अपनी चपेट में ले लिया था. इसके साथ ही ‘राख’ नाम की एक डार्क क्राइम थ्रिलर भी लाइनअप में है, जिसकी कहानी दो बच्चों के अचानक गायब होने और उसके बाद शुरू होने वाली पुलिसिया जांच के इर्द-गिर्द घूमती है, जो रोंगटे खड़े कर देने वाली होगी.

सोनाक्षी सिन्हा ‘सिस्टम’ के जरिए एक पावरफुल कोर्टरूम ड्रामा में नजर आएंगी, जहां न्याय और सच्चाई की लड़ाई देखने को मिलेगी. वहीं ‘वेलकम टू खोया महल’ शाही परिवार के रहस्यों से पर्दा उठाएगी. महिलाओं के स्ट्रगल की कहानी ‘स्ट्रॉम’ और चोरों की चालाकी पर आधारित ‘मैस’ जैसे प्रोजेक्ट्स भी इस लंबी लिस्ट का हिस्सा हैं. कुल मिलाकर, प्राइम वीडियो ने इस बार हर वर्ग के दर्शक के लिए कुछ न कुछ धमाकेदार परोसने की तैयारी कर ली है.
![]()










