दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक वाहन में क्रूरता पूर्वक लादकर झारखंड ले जाए जा रहे तीन मवेशियों के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि लगभग 3 बजकर 19 मिनट पर प्रभारी निरीक्षक थाना दुद्धी धर्मेंद्र कुमार सिंह अपने हमराह हेड कांस्टेबल भागीचंद और कांस्टेबल आकाश सरोज के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक छोटा हाथी वाहन में मवेशियों को लादकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना दुद्धी से करीब 100 मीटर पहले वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में तीन गायों को अत्यंत क्रूरता के साथ रस्सियों से बांधकर लादा गया था। पुलिस ने तत्काल तीनों गायों को रस्सियों से मुक्त कराते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया और मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्थानीय थाना दुद्धी में पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में चालक अमरेश यादव पुत्र रामनारायण यादव, रावत यादव पुत्र गोपाल यादव, संतोष यादव पुत्र रामविलास यादव, मुनेश्वर यादव पुत्र हरिहर यादव, सभी निवासी हुनेकला थाना रंका जनपद गढ़वा (झारखंड) तथा विनोद यादव पुत्र रामलखन यादव निवासी करसो थाना चैनपुर जनपद पलामू (झारखंड) शामिल हैं। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से अवैध रूप से मवेशियों के परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
![]()













