बभनी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। बभनी थाना क्षेत्र के बैना गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां अखंड हरि कीर्तन से घर लौट रहे एक व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार बैना गांव के पुराने शिव मंदिर परिसर में अखंड हरि कीर्तन का आयोजन चल रहा था। गांव निवासी 48 वर्षीय जमुना धरकार अपने साथी पंकज कुमार के साथ कीर्तन में शामिल होने पहुंचे थे। देर रात जब दोनों कीर्तन से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी मंदिर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक कुएं के पास अचानक जमुना का पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरा।
जमुना के कुएं में गिरते ही उसके साथी पंकज कुमार ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस की मौजूदगी में लोहे के जुगाड़ और रस्सियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कुएं से शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक जमुना की मौत हो चुकी थी।
घटना के संबंध में मृतक के साथी पंकज कुमार ने बताया कि कुएं के पास जाने से पहले दोनों ने शराब और गांजा का सेवन किया था। वहीं मृतक की मां बचनी देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंकज ही उनके बेटे को रात में घर से बुलाकर ले गया था। उन्होंने इस घटना में साजिश की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उधर प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
![]()













