अमरोहा में शुक्रवार की सुबह अचानक बदले मौसम ने खूब कहर बरपाया। गजाना-बागड़पुर गांव के पास खेत में गन्ना छील रहे मजदूरों पर बिजली गिर गई। इसमें मजदूर धर्मेंद्र सिंह उर्फ कलुआ (46) और नरेश (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। दोनों मजदूरों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक मजदूर धर्मेंद्र सिंह उर्फ कलुआ देहात थानाक्षेत्र के गजाना गांव के रहने वाले थे।
नरेश मूलरूप से बिहार के रहने वाले थे। नरेश बागड़पुर गांव के रहने वाले पूर्व प्रधान शेर सिंह के भाई जयवीर सिंह के घर पर एक सप्ताह पहले नौकरी करने आए थे। धर्मेंद्र सिंह के परिवार में पत्नी पूनम के अलावा तीन बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की सुबह गजाना निवासी मुन्नी देवी के खेत में जयवीर सिंह, धर्मेंद्र उर्फ कलुआ, नरेश और भूरे खा गन्ना छील रहे थे।
करीब 8:30 बजे अचानक बूंदाबांदी के साथ आसमान में बिजली कड़कने लगी। तभी जयवीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, नरेश और भूरे खां खेत के पास में बने मकान पर जाने लगे। तभी तेज धमाके के साथ बिजली जमीन पर गिरी और उसकी चपेट में आकर धर्मेंद्र और नरेश की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं जयवीर सिंह और भूरे खां घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अमरोहा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी शौकेंद्र बालियान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम सदर, तहसीलदार और लेखपाल भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मृतक धर्मेंद्र के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, मृतक नरेश के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।










