बीजपुर/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। थाना क्षेत्र के रजमिलान गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां बावली के गहरे पानी में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रजमिलान निवासी बच्चा राम का तीन वर्षीय पुत्र आयुष कुमार शुक्रवार सुबह घर के पास स्थित एक बावली के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे बावली के गहरे पानी में जा गिरा।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों को जब तक मामले की जानकारी होती और बच्चे को पानी से बाहर निकाला जाता, तब तक गहरे पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह बच्चे के शव को बावली से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
मृतक के चाचा भोलेनाथ ने थाना बीजपुर में लिखित प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
![]()












