Last Updated:
केरल विधानसभा चुनाव 2026 में मलयालम टीवी और फिल्मी सितारों की मौजूदगी से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. ‘ट्वेंटी 20’ पार्टी की ओर से ‘बिग बॉस’ विजेता अखिल मारार, एक्ट्रेस वीना नायर और ‘वेरुथे अल्ला भार्या’ फेम प्रोमी कुरियाकोस चुनावी मैदान में उतर रहे हैं. वहीं, मशहूर एक्टर रमेश पिशारोडी कांग्रेस के टिकट पर अपना राजनीतिक डेब्यू कर रहे हैं. उन्हें अपनी जीत पर पूरा भरोसा है. हालांकि, लक्ष्मी प्रिया की उम्मीदवारी पर संशय बना हुआ है. कुल मिलाकर, इस बार केरल की राजनीति में ग्लैमर का असर दिखने वाला है.
ग्लैमर और पॉपुलैरिटी के बीच होगा केरल का सियासी मुकाबला
नई दिल्ली: ऐसा लग रहा है कि इस साल केरल के विधानसभा चुनावों में ग्लैमर का तड़का जमने वाला है, क्योंकि मलयालम टीवी जगत के बड़े सितारे अब एक्टिंग छोड़ राजनीति की पिच पर बैटिंग करने को तैयार हैं. ‘बिग बॉस मलयालम’ के एक्स-कंटेस्टेंट्स अखिल मारार और वीना नायर के चुनाव लड़ने की चर्चा अभी शांत भी नहीं हुई थी कि एक और टीवी सेलिब्रिटी की एंट्री ने सबको हैरान कर दिया है. ‘वेरुथे अल्ला भार्या’ फेम प्रोमी कुरियाकोस, जो एक सफल बिजनेसमैन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हैं, इस बार अंगमाली सीट से ‘ट्वेंटी 20’ पार्टी की ओर से अपनी किस्मत आजमाएंगे. प्रोमी और उनकी पत्नी नीता की जोड़ी टीवी पर दर्शकों की पसंदीदा रही है और अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या प्रोमी का यह ‘कपल चार्म’ वोटर्स के बीच भी वही जादू चला पाता है या नहीं.
टीवी से राजनीति की इस रेस में कई और नामी चेहरे भी शामिल हैं. बिग बॉस विजेता अखिल मारार ने त्रिक्काकारा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है, तो वहीं मशहूर अभिनेत्री वीना नायर एट्टुमनूर से चुनावी मैदान में उतर रही हैं. ये दोनों ही सितारे ‘ट्वेंटी 20’ पार्टी को रीप्रेजेंट कर रहे हैं, जो केरल की राजनीति में एक दिलचस्प मुकाबला पैदा कर रही है. ईटाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, लक्ष्मी प्रिया जैसे कुछ सितारों के लिए राह थोड़ी मुश्किल दिख रही है, क्योंकि कुछ कागजी उलझनों और एलिजिबिलिटी को लेकर कन्फ्यूजन की वजह से शायद वह इस बार चुनाव न लड़ पाएं. सितारों की इस भीड़ ने केरल के चुनावी माहौल को काफी रंगीन बना दिया है, जिससे युवाओं के बीच वोटिंग को लेकर काफी क्रेज देखा जा रहा है.
जनता की सेवा को तैयार सितारे!
सिर्फ नई पार्टियां ही नहीं, बल्कि कांग्रेस जैसी दिग्गज पार्टी ने भी फिल्मी सितारों पर भरोसा जताया है. मशहूर एक्टर रमेश पिशारोडी इस बार कांग्रेस के टिकट पर अपना चुनावी डेब्यू कर रहे हैं. पलक्कड़ में मीडिया से बात करते हुए पिशारोडी काफी आत्मविश्वास में नजर आए. उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि उन्हें अपनी जीत पर जरा भी शक नहीं है और वे जनता की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं. टीवी और फिल्मों के ये सितारे अब स्क्रीन की जगह सड़कों पर रैलियां करते दिख रहे हैं, जो बताता है कि 2026 का यह चुनाव सिर्फ विकास के मुद्दों पर ही नहीं, बल्कि पॉपुलर चेहरों की लोकप्रियता की कसौटी पर भी कसा जाएगा. अब यह तो वक्त ही बताएगा कि जनता अपने इन चहेते कलाकारों को विधानसभा भेजती है या सिर्फ एंटरटेनमेंट तक ही सीमित रखती है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
![]()










