मीरजापुर/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन मंगलवार को विकास खंड कोन के ग्राम हरसिंहपुर पहुंचीं। उन्होंने गंगा तट का निरीक्षण कर फसलों और वर्तमान जलस्तर की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय तिलठी में स्थापित बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया। यहां व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच रहा है, ऐसे में किसी भी परिस्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जाए और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाढ़ चौकियों पर सभी निर्धारित सामग्री व उपकरण मुहैया रहने चाहिए। उन्होंने मिश्रीलाल इंटर कॉलेज मवैया में वैकल्पिक राहत शिविर बनाने के निर्देश उप जिलाधिकारी सदर को देते हुए विद्यालय के कमरों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में सदर और चुनार तहसीलों से होकर गंगा नदी बहती है, जिसके तटवर्ती गांवों में बाढ़ की आशंका बनी रहती है। चेतावनी बिंदु 76.724 मीटर है, जबकि वर्तमान में जलस्तर 74 मीटर तक पहुंच चुका है। यमुना और बेतवा नदियों में जलस्तर बढ़ने से गंगा का जलस्तर प्रति घंटा तीन सेंटीमीटर की दर से बढ़ रहा है।

जिले में कुल 37 बाढ़ चौकियां और 15 से अधिक राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां शिफ्टवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया गया है। सिंचाई, बिजली, राजस्व और विकास विभाग को समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र, खंड विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।