लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आज दिनांक 31 जुलाई 2025 को संरक्षित रेल संचालन को सुनिश्चित करने हेतु एक संरक्षा संवाद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलिमा सिंह ने की, जबकि संवाद का संचालन वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री समर्थ गुप्ता द्वारा किया गया।
संरक्षा संवाद में परिचालन, सिग्नल, लोको पायलट, इंजीनियरिंग सहित संरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के लगभग 40 से 45 रेलकर्मियों ने सहभागिता की। मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने संवाद के दौरान रेलकर्मियों को संबोधित किया और संरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया।
संवाद के दौरान निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई:
- संरक्षित शंटिंग से संबंधित नियमों की जानकारी
- सिग्नल ओवरशूटिंग की रोकथाम के उपाय
- मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियाँ एवं सावधानियाँ
- पूर्व में हुई घटनाओं से मिली सीख और नियमों की पुनः समीक्षा
इस अवसर पर मंडल से आए संरक्षा सलाहकारों एवं यातायात निरीक्षकों ने वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से कर्मचारियों को संरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा अधिकारियों द्वारा नियमों के अनुरूप निराकरण हेतु उचित दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
संरक्षा संवाद के उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दुर्घटना राहत ट्रेन (ART), रनिंग रूम एवं लॉबी का संयुक्त निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन तैयारियों, सुविधाओं की कार्यप्रणाली एवं स्टाफ की तैनाती की समीक्षा की गई और आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए गए। इस कार्यक्रम ने रेल संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के पालन के लिए प्रेरित किया।