गोवा के नाइट क्लब में आग लगने की घटना के बाद देश छोड़कर फरार हुए लुथरा बंधुओं को मंगलवार को थाईलैंड से दिल्ली लाया जाएगा। गोवा पुलिस और दिल्ली पुलिस की टीमें दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगी। उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट ले जाया जाएगा, जहां से गोवा पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेगी। बता दें कि 6 दिसंबर की रात बर्च बाय रोमियो लेन नाम के इस नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लुथरा हैं।
अधिकारियों ने साफ किया कि गोवा पुलिस थाईलैंड नहीं जा रही है, बल्कि दिल्ली में ही केंद्रीय एजेंसियों से लुथरा बंधुओं की कस्टडी ली जाएगी। इसके लिए गोवा पुलिस की एक टीम सोमवार देर रात दिल्ली पहुंची। कस्टडी मिलने के बाद सौरभ लुथरा और गौरव लुथरा को मंगलवार देर रात गोवा लेकर जा सकते हैं। इसके बाद उन्हें अंजुना पुलिस स्टेशन ले जाया जाएगा, जहां उनसे आगे पूछताछ होगी। बुधवार को लुथरा बंधुओं को गोवा पुलिस मापुसा अदालत में पेश कर सकती है।
प्रत्यर्पण की औपचारिकताएं पूरी
थाईलैंड से लुथरा बंधुओं के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय अधिकारियों ने थाई पक्ष को सभी जरूरी दस्तावेज सौंप दिए हैं। इसमें पासपोर्ट रद्द होने के बाद जारी किए गए आपातकालीन प्रमाण पत्र भी शामिल हैं। ज्यादातर कानूनी अड़चनें दूर हो चुकी हैं। थाई इमिग्रेशन अधिकारी भारतीय एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। अब मामला बैंकॉक की एक स्थानीय अदालत में अंतिम कानूनी समीक्षा के लिए रखा जाएगा, जो थाई कानून के तहत निर्वासन से पहले जरूरी प्रक्रिया है। थाई पुलिस ने भारत के अनुरोध पर फुकेट के एक रिसॉर्ट से दोनों भाइयों को हिरासत में लिया था।
ये भी पढ़ें: प्रदूषण-कोहरे का डबल अटैक: दिसंबर में दूसरी बार हुई इतनी खराब हवा, कई इलाकों में AQI आपात स्तर के करीब
एक नजर पूरे घटनाक्रम पर
गौरतलब है कि ये पूरी घटना तब की है, जब बीते छह दिसंबर की रात, अरपोरा स्थित बिर्च क्लब में अचानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 पर्यटक और 20 कर्मचारी की मौत हुई। क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा हैं। गोवा सरकार और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और सभी कानूनी कार्रवाई तेज़ और सख्ती से पूरी की जाएगी।













