सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने जानकारी दी कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि योजना की उप-योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद ऑपरेशन, वृद्धावस्था जनित रोगों की जांच, विशेष रूप से डिमेंशिया स्क्रीनिंग एवं गैर-संचारी रोगों की जांच के साथ दवा वितरण की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग एवं आध्यात्मिक ध्यान कार्यक्रम भी समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किए जाएंगे।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद स्तर पर 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को योजना का लाभ दिया जाएगा। इसमें बीपीएल कार्ड धारक, अंत्योदय कार्ड धारक, निराश्रित एवं वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्ग शामिल होंगे। पात्र लाभार्थियों के मोतियाबिंद ऑपरेशन भी कराए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि उक्त कार्य के संचालन हेतु जनपद के इच्छुक एनजीओ जिला समाज कल्याण कार्यालय, सोनभद्र में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना है।
![]()













